राशन, पेंशन और राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
जनचौपाल में इमलीडुग्गू निवासी श्री विजय कुमार यादव ने विकलांगता पेंशन दिलाने के लिए आवेदन किया। इस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिये। इसी प्रकार ग्राम पंचायत मलगांव विकासखण्ड कटघोरा की निवासी श्रीमती फूलबाई ने निराश्रित पेंशन का भुगतान नहीं होने के संबंध में जनचौपाल में आवेदन प्रस्तुत किये। ग्रामीण की शिकायत सुनने के पश्चात कलेक्टर श्रीमती साहू ने जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री नुतन कंवर को आवेदिका को पेंशन भुगतान करने के लिए आवश्यक तकनीकी जांच करवाकर आवेदिका को पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। ग्राम पंचायत भलपहरी के निवासी श्री रामाधार ने महात्मा गांधी रोजगार गांरटी योजना के तहत उनका मजदूरी भुगतान नहीं करने के संबंध में शिकायती आवेदन प्रस्तुत किये। इस पर कलेक्टर ने मामले की जांचकर आवेदक का मरेगा मजदूरी भुगतान करवाने के निर्देश सी.ई.ओ. जिला पंचायत को दिये। इसी प्रकार विकासखण्ड पोड़ीउपरोड़ा के ग्राम पंचायत लेपरा के कुछ ग्रामीणों ने लेपरा बस्ती के ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने और लो वाल्टेज की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्रीमती साहू ने ग्रामीणों को विद्युत संबंधी समस्या से निजात दिलाने तत्काल सी.एस.ई.बी के कार्यापालन अभियंता को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश मौके पर ही दिये। जनचौपाल में जमीन संबंधी नामांतरण, मुआवजा प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशनों की स्वीकृति, आवास योजना से लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी लोगों ने कलेक्टर से मिलकर आवेदन दिए। कलेक्टर ने जनचौपाल में प्राप्त हुए शिकायतों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर नागरिकों को लाभांवित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


No comments:
Post a Comment